देश में रोजाना बढ़ रही कोरोना वायरस से पीड़ितों की संख्या ने शहरवासियों को चिंतित कर दिया है। मेडिकल स्टोरों के साथ ही दवा की थोक मंडी भालोटिया में मास्क और सेनेटाइजर की मांग चरम पर है। हालात ऐसे हैं कि शनिवार को भालोटिया के साथ ही फुटकर दुकानों पर इनकी कमी हो गई।
दुकानदारों के मुताबिक मास्क और सेनेटाइजर का स्टाक खत्म हो चुका है। ऑर्डर देने पर समय से डिलवरी नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को दुकानों से निराश लौटना पड़ रहा है।
भालोटिया मार्केट के व्यापारी अरुण ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में एन-95 और सर्जिकल मास्क की डिमांड बढ़ गई है, फिलहाल दोनों आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। इनके आर्डर दिए गए हैं लेकिन समय से डिलवरी नहीं हो रही है। व्यापारी सुरेश कुमार ने बताया कि ऑर्डर देने पर भी सेनेटाइजर नहीं मिल रहा है। सोमवार तक मास्क और सेनेटाइजर के आर्डरों की डिलवरी हो सकती है।
ऑनलाइन भी आउट ऑफ स्टॉक का बोर्ड
ऑनलाइन ऑर्डर पर अब तक एन-95 मास्क आसानी से मिल रहा था। कीमत करीब 278 से 300 रुपये के बीच में थी। लेकिन अब यहां भी आउट ऑफ स्टॉक की सूचना मिल रही है।
चार गुना तक वसूल रहे कीमत
जिन दुकानों पर मास्क उपलब्ध हैं वहां इसकी चार गुना तक कीमत वसूल की जा रही है। बाजार में एक सप्ताह पूर्व 100 से 200 रुपये में मिलने वाला एन-95 मास्क 400 से 500 रुपये में बिक रहा है। सर्जिकल मास्क पहले 10 से 12 रुपये में मिल जाता था अब 40 से 50 रुपये में मिल रहा हैं।