गोरखपुर। शहर में रविवार को आयोजित दो अलग-अलग मार्शल आर्ट एवं कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षाओं में खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल, अनुशासन और आत्मरक्षा के रोमांचक प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। दोनों आयोजनों में 200 से अधिक प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 170 से अधिक खिलाड़ियों ने येलो, ऑरेंज, ग्रीन, ब्लू, पर्पल और ब्राउन बेल्ट प्राप्त कर सफलता हासिल की।
रामप्रीत चौराहा, बशारतपुर स्थित योद्धा क्लब में योद्धा मार्शल आर्ट्स समिति की ओर से आयोजित बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में महानगर की छह शाखाओं के 92 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। तीन घंटे तक चली परीक्षा में एक घंटे का प्रैक्टिकल, एक घंटे की फाइट और एक घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। किक, पंच, थ्रोइंग, स्पैरिंग, काता, फाइटिंग और बैलेंस सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण वरिष्ठ प्रशिक्षकों ने किया। परीक्षा में 68 प्रशिक्षु सफल रहे।
मुख्य अतिथि सूर्यकुंड धाम आंदोलन के संस्थापक संतोष मणि त्रिपाठी ने सफल खिलाड़ियों को ब्राउन, पर्पल, ब्लू, ग्रीन, ऑरेंज और येलो बेल्ट तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन अनुप्रिया आनंद ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशुन की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में मदन राजभर, कनक लता मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर, बैंक रोड स्थित एमजी इंटर कॉलेज परिसर में पूर्वांचल निःयुद्धा अकादमी द्वारा कराटे कलर बेल्ट परीक्षा आयोजित की गई। बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं ने काता, कुमिते, शारीरिक क्षमता, संतुलन और अनुशासन आधारित परीक्षा में भाग लिया। सफल खिलाड़ियों को येलो, ऑरेंज, ग्रीन, ब्लू, पर्पल, ब्राउन थर्ड क्यू और ब्राउन फर्स्ट क्यू बेल्ट प्रदान की गई।
अकादमी अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन है। विशिष्ट अतिथि एमजी इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने खिलाड़ियों के अनुशासित प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बेल्ट परीक्षा में अभिनेत्री एवं अकादमी की प्रशिक्षु काजल निषाद ने भी भाग लिया। इस अवसर पर योगेंद्र प्रताप, अंजलि भारती, वंसिका पांडेय आदि मौजूद रहीं।