- रामगढ़ताल पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दहेज में कम सामान लाने और कार विवाहिता के नाम होने से नाराज ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। रामगढ़ताल पुलिस ने पीड़िता के तहरीर पर पति, सास, ससुर समेत चार लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गर्भपात कराने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल इलाके के दुर्गा चौकी की रहने वाली युवती की शादी चार अप्रैल 2020 को देवरिया जिले के रामनाथ देवरिया निवासी अनिल कुमार पांडेय के बेटे अर्पित पांडेय के साथ हुई। शादी में करीब छह लाख रुपये देने के साथ कार दी गई। कार विवाहिता के नाम पर थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर ससुराल के लोग उसके साथ बुरा व्यवहार करने लगे। ससुराल के लोग नोएडा में रहकर व्यवसाय और नौकरी करते हैं। शादी के बाद पैतृक गांव से वह नोएडा उनके साथ गई। वहां दहेज में कम सामान लाने और कार उसके नाम होने को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
ननद देशी गंवार कहकर परेशान करती थी। विरोध करने पर पति पिटाई करते थे। इस दौरान गर्भ ठहरने पर ससुरालियों ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। उसके अस्वस्थ होने पर छोटे भाई को बुलाकर उसे गोरखपुर मायके भेज दिया। इस दौरान ननद की शादी में भी उसे नहीं बुलाया गया। आरोप है कि पति अब दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। वह एक युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने की बात कह चुका है।
पुलिस ने पति अर्पित पांडेय, ससुर अनिल कुमार पांडेय, सास मंजूलता पांडेय और ननद पूजा पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।