पीपीगंज की घटना, मायके वालों ने ससुराल में किया हंगामा
18 माह पहले हुई थी शादी, सुसाइड नोट मिला, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज (गोरखपुर)। कस्बे की एक विवाहिता की रविवार देर रात दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग पति, सास व ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति राजन अग्रहरि, सास उषा अग्रहरि और ससुर अशोक अग्रहरि पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पति और ससुर कस्बे के मुख्य बाजार में किराना की दुकान चलाते हैं।
पुलिस का कहना है कि विवाहिता के पास से सुसाइड नोट मिला है जिसे उसने अपने भाई और जीजा को भी व्हाट्सएप किया था। पुलिस सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर सीओ गौरव त्रिपाठी व नायब तहसीलदार भी पहुंचे। उन्होंने मायके पक्ष को समझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, पीपीगंज कस्बे में वार्ड संख्या 19 अब्दुल हमीद नगर निवासी अशोक अग्रहरि के बेटे की शादी 18 माह पहले सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ क्षेत्र के रामचंद्र अग्रहरि की बेटी नंदनी अग्रहरि से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे।
मायके पक्ष ने पुलिस को बताया कि रविवार रात में ससुराल वालों का फोन आया कि आपकी बेटी की तबीयत खराब है, उसे लेकर जिला अस्पताल आए हैं। जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। ससुराल जाने पर पता चला कि नंदनी की मौत हो गई है। मायके वालों ने सवाल उठाया कि ससुराल वालों का कहना है कि बेटी ने चौथे मंजिल से छलांग लगा दी, इसलिए उसकी मौत हो गई। जबकि सड़क पर खून नहीं दिखा। शव को देखने से शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नजर नहीं आ रहे थे।
कोट
ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसके पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
- गौरव त्रिपाठी, सीओ कैंपियरगंज