इटवा थाना क्षेत्र के धोबहा मुस्तहकम गांव के बाग में स्थित आम के पेड़ की डाल से फंदे से लटका एक महिला शव मिला। घटना शुक्रवार सुबह की है। परिवार के आग्रह पर पंचनामा करके शव उनके सुपुर्द कर दिया।
क्षेत्र के धोबहा गांव निवासी निशा (23) पत्नी कवि का शव सुबह करीब पांच बजे घर के बगल में स्थित बाग में आम के पेड़ पर फंदे से लटक रहा था। सुबह एक महिला आम बीनने बाग में गई तो शव देकर गुहार लगाई। तब लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार वालों के द्वारा मृतका के मायके व पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मायके वालों व पुलिस टीम ने शव पेड़ से उतरवाया। मृतका के मायके व ससुराल वालों की सहमति से कोई कार्रवाई नहीं चाहने पर पंचनामा कर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
महिला अपने पीछे चार माह की बेटी छोड़ गई। इस संबंध में चौकी प्रभारी शाहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पिता गिरजेश द्वारा कोई कार्रवाई या तहरीर न देने पर ग्राम प्रधान व गांव के संभ्रांत लोगों के सामने पंचनामा कराकर लाश परिवार वालों को सौंप दी गई है।