महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आने के साथ ही बाजारों में उत्सव सा माहौल नजर आने लगा है। बाजारों में देशभक्ति का रंग चढ़ने लगा है। बाजार में विभिन्न आकार और डिजाइन के तिरंगे उपलब्ध हैं। बच्चे, युवा और आम लोग स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के लिए तिरंगे से जुड़ी सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। मऊपाकड़ रोड स्थित दुकानों पर इन दिनों ग्राहकों की भीड़ दिखाई दे रही है। शहर के मऊपाकड़, सक्सेना चौक, हनुमानगढ़ी चौराहे पर प्रमुख बाजारों में तिरंगा, बिल्ला, टोपी, बैंड, पट्टा, रिबन और गुब्बारों की बिक्री बढ़ गई है। दुकानदारों ने दुकान के बाहर और अंदर तिरंगे तथा देशभक्ति से जुड़ी सामग्री सजा रखी है। बाजार में छोटे आकार के तिरंगे से लेकर बड़े झंडे तक उपलब्ध हैं।
इसके अलावा तिरंगा स्टिकर, बिल्ला, हैंड बैंड, ब्रेसलेट, रिबन, बैज कैप, गुब्बारे और तिरंगा लड़ी की भी मांग है।
व्यापारी मनीष निगम ने बताया कि बीते साल करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का तिरंगा व अन्य सामानों का कारोबार पूरे जिले में हुआ था। जिस तरह से शासन व विभिन्न राजनीतिक दल तिरंगा यात्रा व महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार जिले में इसका कारोबार बढ़कर पांच करोड़ को पार कर जाएगा।
पीजी कॉलेज के पास स्थित व्यापारी श्याम लाल कसौधन ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस को लेकर तिरंगे और अन्य देशभक्ति सामग्री की बिक्री में तेजी आई है। छोटे झंडे की कीमत 10 से 50 रुपये तक है, जबकि बड़े आकार के झंडे 120 से 300 रुपये तक में बिक रहे हैं। तिरंगा बिल्ला 10 से 20 रुपये, हैंड बैंड पांच से 10 रुपये, रिबन 10 रुपये, बैज 10 से 15 रुपये और तिरंगा लड़ी करीब 40 रुपये में उपलब्ध है।