परिवहन निगम के बेड़े में 31 मार्च तक 2500 जनरथ बस टू बाई टू, 50 वॉल्वो लक्जरी बस और 300 सामान्य बसें शामिल हो जाएंगी। इन बसों को जिलों में जरूरत के हिसाब से दिया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में परिवहन निगम के नोडल अधिकारी जयदीप वर्मा ने दी।
नोडल अधिकारी ने बताया कि राप्तीनगर वर्कशॉप में काम चल रहा है। इसके बाद रेलवे बस स्टेशन का पीपीपी मॉडल से निर्माण होगा। बस स्टेशन का निर्माण कंपनी को 18 माह में हर हाल में करना होगा। इसमें देर होने पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होेंने बताया कि बसों में सुरक्षा के लिए स्पीड लिमिट डिवाइस (एसएलडी) लगा दिए गए हैं। इससे बसें 80 की स्पीड से अधिक नहीं चल पाएंगी। चालक और परिचालक भी एक ड्रेस में रहेंगे। उन्हें जूता भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोडवेज में मील ऑन एप भी शुरू कर दिया गया है। अब बस में बैठकर आप खाना भी बुक कर सकते हैं।
हटाए गए अनफिट चालक
नोडल अधिकारी जयदीप वर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में परिवहन निगम की ओर से लगाए गए जांच शिविरों में 37 ड्राइवर अनफिट मिले। उन्हें हटा दिया गया है। इसी तरह कई चालक बीपी, सुगर से ग्रसित मिले, उनका इलाज कराया जा रहा है। अब सभी डिपो में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया है।
फिटनेस खराब तो नपेंगे एआरएम
उन्होंने बताया कि रोडवेज की सभी बसों की हर 2 महीने पर 31 बिंदुओं पर जांच करनी होगी। साथ ही हर दिन 13 बिंदुओं पर बसों की जांच करने के बाद ही उसे रवाना किया जाएगा। इसमें लापरवाही पाए जाने पर एआरएम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब दामिनी एप हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत हो चुकी है। किसी भी परेशानी में महिलाएं 8114277777 नंबर पर फोन कर या वाट्सएप कर मदद ले सकती हैं।
आय में कमी पर दी चेतावनी
शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे जयदीप वर्मा ने राप्तीनगर और गोरखपुर डिपो का दौरा किया। इसके बाद आरएम और सभी डिपो के एआरएम के साथ बैठक की। शहर के दोनों डिपो का निरीक्षण करने के बाद नोडल अधिकारी वहां की व्यवस्था से संतुष्ठ नहीं थे। इसको सही करने लिए दोनों एआरएम को निर्देश दिए। जिन डिपो की आय में कमी थी, वहां के एआरएम को चेतावनी दी। इसके साथ ही बसों की हर तरह की कमी को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश भी दिया। बैठक में खिचड़ी मेले और प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले की तैयारी की भी समीक्षा की गई।