कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा गांव के समीप पडरौना-पनियहवा मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे सवारी लेकर आ रहे टेंपो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में टैंपो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजकर दोनों वाहनों को कब्जे ले लिया है। वहीं, पिकअप चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
पनियहवा से सवारी लेकर एक टेंपो पडरौना की तरफ जा रहा था। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा गांव के समीप पडरौना की ओर से आ रही पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो में सवार सभी 10 लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भेजा जहां अमीन (65) निवासी सोहंग थाना तुर्कपट्टी, दीनानाथ (45) निवासी गोबरहिया थाना लौकरिया पश्चिमी चंपारण (बिहार) और एक अन्य अज्ञात युवक की मौत हो गई।
इसके अलावा रुकसाना खातून (05) पुत्री अनवर अली निवासी लक्ष्मीपुर वाल्मीकिनगर, कृष्णा जकुमार(45) पुत्र चंद्रमा राम निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर भैंसालोटन, अलगू यादव (35) पुत्र सुखल यादव, निवासी ग्राम गोबरहिया पश्चिमी चंपारण, अर्जुन (28) पुत्र गोमली निवासी ग्राम रामकोला, अशोक (38) पुत्र परसन, निवासी ग्राम खजुरिया थाना नेबुआ नौरंगिया, परशुराम (55) पुत्र शिवपूजन शाह निवासी ग्राम मंगलपुर पश्चिमी चंपारण, राजू (20) पुत्र रामानंद राम, निवासी ग्राम महुआ हरनाटांड घायल हैं जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नेबुआ नौरंगिया एसओ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे में पिकअप चालक मन्नू कुमार को भी हल्की चोट आई है। उनका प्राथमिक उपचार कराकर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। हादसे में मृत एक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। शेष दोनों मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।