एक नर्सिंग होम में स्टाफ नर्स का काम करने वाली महिला को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर उसके दम पर धमकी देकर लगातार शोषण करने का मामला सामने आया है।
हद तो तब हो गई जब आरोपित ने नर्स की 14 साल की बेटी पर गलत नीयत कर दी। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित कसया रोड निवासी अभिषेक पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पति से अलग होने के बाद नर्सिंग होम में काम करने वाली महिला का डायग्नोसिस्टक सेंटर में काम करने वाले अभिषेक से जान पहचान हो गई। आरोप है कि एक दिन वह तारामंडल क्षेत्र स्थित एक भवन में ले गया और बोला कि इसमें उसका खुद का डायग्नोसिस्टक सेंटर खुलने वाला है, इसमें तुमको अच्छे पैकेज पर नौकरी दूंगा।
अभी कुछ समझ पाती तब तक उसने असलहा सटा दिया और फिर दुष्कर्म किया। पूरी घटना का उसने वीडियो बना लिया और फिर शारीरिक शोषण करता रहा।
इन दिनों वह उसकी 14 साल की बेटी को भी लाने का दबाव बनाया तो महिला पुलिस के पास मदद को पहुंची। इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लंबे समय से वीडियो दिखाकर महिला के साथ गलत काम कर रहा था।