पीड़ित मां के अनुसार, उनकी बेटी 19 नवंबर को अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद पता चला कि शिवम नाम का युवक उसे अपने साथ ले गया है। आरोपी रुस्तमपुर ढाले के नीचे एक कॉलोनी में मां और बहन के साथ किराये के कमरे में रहता है। उसकी बहन और किशोरी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट करती थीं। इसी वजह से दोनों की जान-पहचान और दोस्ती हो गई थी। आरोप है कि शिवम ने किशोरी को बताया कि उसकी बहन नेपाल में मौसी के घर वीडियो बनाने जा रही है और उसे भी साथ चलने के लिए बुलाया है। इसी बहाने वह किशोरी को घर से अपने साथ ले गया। रास्ते में अपनी बहन को वापस भेज दिया और किशोरी को लेकर नेपाल चला गया।
किशोरी की मां ने आरोपी के मोबाइल पर संपर्क कर बेटी को वापस भेजने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। उसने छह महीने बाद किशोरी को वापस लाने की बात कही। इससे परिजन परेशान हैं। रामगढ़ताल थाना प्रभारी विशाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशोरी और आरोपी की तलाश की जा रही है।