कुशीनगर जिले पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक चौराहे पर बुधवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मोपेड सवार व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मोपेड में ठोकर मारने के बाद ट्रैक्टर सड़क के किनारे एक दुकान में घुस गया। संयोग अच्छा था कि दुकान बंद होने के चलते कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।
पड़ोसी प्रांत बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरवा निवासी सुबाष मिश्र (55) मोपेड से रिश्तेदार के घर फाजिलनगर जा रहे थे। पिपरा कनक चौराहे पर पटहेरवा-बसडीला मार्ग की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने मोपेड में ठोकर मार दिया, जिससे सुभाष बुरी तरह घायल हो गए।
अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ठोकर मारने के बाद एक दुकान में घुस गया। चौराहे पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। लोग घायल सुभाष को इलाज के लिए सीएचसी फाजिलनगर ले गए। घटना के ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। एसओ पटहेरवा मृत्युंजय सिंह ने बताया कि घायल सुभाष की रास्ते में ही मौत हो गई। फाजिलनगर सीएचसी के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।