संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ में बीएड विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। पहले दिन ‘अधिगम एवं अभिप्रेरणा के सिद्धांत’ विषय पर व्याख्यान हुआ। बतौर मुख्य वक्ता एसडीपीजी कॉलेज, मठलार, देवरिया के सहायक आचार्य विनय पांडेय ने कहा कि अधिगम एक अत्यंत सामान्य एवं स्वतः स्फूर्त प्रक्रिया है। जन्म के बाद ही व्यक्ति कुछ न कुछ सीखना प्रारंभ कर देता है और फिर जीवन पर्यंत सीखता है।
अभिप्रेरणा की संकल्पना को स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि मनोवैज्ञानिक दृष्टि से अभिप्रेरणा एक मानसिक क्रिया है, जिसमें व्यक्ति अपने अंदर से किसी कार्य को करने के लिए अभिप्रेरित हो जाता है। यह अभिप्रेरणा आंतरिक व बाह्य दोनों रूपों में हो सकती है। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक त्रिपाठी, स्वागत शैलेंद्र सिंह और आभार ज्ञापन बीएड विभाग की अध्यक्ष शिप्रा सिंह ने किया। इस अवसर पर विभाग के समस्त शिक्षक विद्यार्थी उपस्थित रहे।