सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारतीय मुद्रा के साथ में पकड़ा गया व्यक्ति। स्रोत विज्ञप्ति
ढेबरुआ(सिद्धार्थनगर)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा जांच के दौरान एसएसबी की 50वीं वाहिनी के जवानों ने बुधवार को बढ़नी चेकपोस्ट पर एक व्यक्ति को 1.93 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ पकड़ा। वह भारत से नेपाल जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके जैकेट से 500 रुपये के 386 नोट बरामद हुए। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे बरामद रकम के साथ सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी की 50वीं वाहिनी बलरामपुर की जी समवाय बढ़नी के जवान भारत-नेपाल चेकपोस्ट पर नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर जा रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। उसके काले रंग के जैकेट से 1,93,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पंजाब के कपूरथला जिले के सुलतानपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सीखन निवासी कृष्ण बहादुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से रुपये लेकर आ रहा था और इन्हें नेपाल के बागलुंग में रहने वाले अपने रिश्तेदार को देने जा रहा था।
एसएसबी जवानों ने उसे भारत से नेपाल जाते समय 25 हजार रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा ले जाने पर लागू प्रतिबंध की जानकारी दी। इसके बाद बीआईटी कमांडर ने बरामद रकम से संबंधित जब्ती के दस्तावेज तैयार किए। अग्रिम कार्रवाई के लिए कृष्ण बहादुर को 1.93 लाख रुपये के साथ सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी, सिद्धार्थनगर को सौंप दिया गया।