गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के बनरहीं गांव के टोला कालाबीर में बुधवार दोपहर चंद्रभान निषाद (45) ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि बाइक को लेकर उसका बेटा से विवाद हो गया था, जिसके बाद अपने कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद ही उसकी लटकते लाश मिली। चंद्रभान ने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटका था।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रभान निषाद कर्नाटक में मजदूरी का काम करता था। घरवालों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार-पांच दिन से कुछ मानसिक रूप से परेशान था। पूछने पर कुछ बता नहीं रहा था।
बुधवार को अपनी पत्नी लीलावती की दवा कराने के डॉक्टर के पास जाना था। लेकिन, बाइक उसका लड़का सत्या कहीं लेकर चला गया था, जो काफी लेट से आया। इसी बात को लेकर पिता पुत्र में कुछ कहासुनी हो गई।
इसके बाद दोपहर उसने घर के एक कमरे में जाकर घटना को अंजाम दे दिया। मोहल्ले के लोगों ने कमरे की दीवार तोड़कर उसके शव को बाहर निकाला। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।