उनवल (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 19 वर्षीय डांसर के साथ शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरातस में भेज दिया गया।
आरोपी की पहचान खजनी के खुटना निवासी कन्हैया विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मूलरूप से संतकबीरनगर की रहने वाली युवती आर्केस्ट्रा में डांसर है। पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से शादी का झूठा वादा कर उसके साथ संबंध बना रहा था। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे दो बार गर्भपात की दवा खिलाई। थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने देर रात खुटहना तिवारी गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। संवाद