तमंचा लेकर न्यायालय के गेट पर पहुंचे झंगहा के सुगहा गांव निवासी उदय प्रताप यादव को पुलिस ने बुधवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया। उस पर कैंट थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार को दीवानी न्यायालय के गेट पर प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह चंदेल अपने सहयोगी दरोगा अजय कुमार, सिपाही अरुण कुमार भारती, अमरीश यादव और महिला सिपाही किरण ओझा के साथ बुधवार को कमिश्नरी गेट से आने-जाने वालों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक युवक अंदर जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग शुरू की तो युवक भागने लगा।
पुलिस ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। पुलिस को उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। पूछताछ में उसकी पहचान झंगहा के सुगहा निवासी उदय प्रताप यादव के रूप में हुई। पकड़े गए युवक पर झंगहा थाने में पहले से ही बलवा, मारपीट और हत्या के प्रयास के आरोप में दो केस दर्ज हैं।