- हत्या में शामिल था माता-पिता पर आरोप लगाने वाला संदीप
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। गोरखपुर निवासी ममता (30) की बाराबंकी में प्रेमी संदीप के घर में हुई हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले पर्दाफाश हुए हैं। खुद को घटना के वक्त घर से बाहर बताने और बाद में माता-पिता पर आरोप लगाने वाला प्रेमी संदीप यादव भी हत्या की साजिश में शामिल था। उसी के सामने ममता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ 15 वार किए गए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र निवासी राजकिशोर की 30 वर्षीय पुत्री ममता की दोस्ती शादी कराने वाली वेबसाइट के जरिये मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर गांव निवासी इंजीनियर संदीप यादव से हुई थी। दोस्ती जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई, लेकिन छह महीने पहले दोनों ने अलग-अलग जगह विवाह कर लिया। 15 दिसंबर को ममता गोरखपुर से संदीप के घर शहाबपुर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि जब ममता ने साथ रहने की बात कही तो घर में तनाव बढ़ गया। इस पर संदीप की बहनें भी नाराज हो गईं।
आरोप है कि बहस के दौरान बहनों ने ममता को पकड़कर कमरे तक खींचा, जहां संदीप के पिता ने कुल्हाड़ी से उस पर कई वार कर हत्या कर दी। इस पूरी घटना के दौरान संदीप घर में ही मौजूद था। 16 दिसंबर की सुबह संदीप घर के बाहर रोता हुआ मिला था। उसने दावा किया था कि वारदात के समय वह शौच के लिए बाहर गया हुआ था और उसके माता-पिता ने ममता की हत्या कर दी।
पुलिस की डिजिटल जांच, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पोल खोल दी। पोस्टमार्टम में कुल्हाड़ी के 15 वार मिले। संदीप व उसकी चार बहनें जेल भेजी जा चुकी हैं। पुलिस मुख्य आरोपी संदीप के पिता कमलेश व मां संतोष कुमारी की तलाश में जुटी है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। डिजिटल और मैन्युअल साक्ष्यों के आधार पर साजिश की परतें खुल रही हैं। जल्द ही संदीप के माता-पिता को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।