गोरखपुर। जिले की वॉलीबॉल खिलाड़ी मालविका द्विवेदी का चयन महिला प्रो वॉलीबॉल लीग के लिए हुआ है। राजस्थान क्यून फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। इस उपलब्धि से जिला वॉलीबॉल संघ और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव बैजनाथ मिश्र ने बताया कि लीग में देश की छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में दो विदेशी खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे। टीमों के चयन के लिए केरल और लखनऊ में परीक्षण आयोजित किए गए थे। 23 अक्तूबर को लखनऊ स्थित महाराणा प्रताप अकादमी में हुए परीक्षण में मालविका ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके आधार पर उनका चयन राजस्थान क्यून टीम में हुआ।
मालविका बुधवार को जयपुर में आयोजित टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए रवाना हो गईं। प्रतियोगिता 11 से 21 नवंबर तक लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (इकाना) में आयोजित होगी।
मालविका महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। वह गोरखपुर बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री धीरेंद्र द्विवेदी की पुत्री हैं। उनके चयन पर जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ तिवारी, सचिव बैजनाथ मिश्र सहित संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।