रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को ऑनलाइन प्रमुख अफसरों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ट्रेनों के सुरक्षित आवागमन के लिए अफसर अपने-अपने क्षेत्र में 15 दिन का प्लान तैयार करें और इसकी नियमित समीक्षा भी करें। सुरक्षित रेल यातायात हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा सुरक्षा संबंधी पहले से तय नियमों व मानकों का कड़ाई से पालन करें।
ये निर्देश शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जया सिन्हा वर्मा एवं रेलवे बोर्ड के सभी सदस्यों, क्षेत्रीय रेलों के महाप्रबंधक, प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल रेल प्रबन्धकों, अनुसंधान एवं अभिकल्प मानक संगठन के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक में दिए।
मंत्री ने कहा कि सर्दियों में कोहरे के चलते हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सिग्नल सिस्टम से लेकर अन्य सभी जरूरी उपाय किए जाएं और इसकी नियमित निगरानी भी हो। मंत्री ने निरंतर बढ़ रही ऑटोमेटिक सिग्नलिंग, चालक दल (क्रू) की कार्य अवधि से जुड़े पहलुओं, यार्डों के आधुनिकीकरण एवं यार्ड इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण, आपदा प्रबंधन टीम संबंधी विभिन्न संरक्षा विषयों पर चर्चा करते हुए महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए।