गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के एक गांव में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी विकास प्रजापति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।
इस मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस जांच कर रही है। अब तक की जांच में तीनों की भूमिका सामने नहीं आई है। मेडिकल कॉलेज में युवती के प्राइवेट पार्ट्स पर कोई घाव नहीं मिले हैं। जांच में सामने आया है कि युवती से विकास की गहरी दोस्ती थी और उसके साथ रात में अपनी मर्जी से गई थी। फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय युवती के परिजनों ने शुक्रवार को सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का केस दर्ज कराया था। बताया था कि बृहस्पतिवार रात में युवती शौच के लिए घर से निकली थी और अगले दिन बदहवास हाल में बागीचे में मिली थी।
आरोप है कि विकास ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जांच में तीन की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इस वजह से पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य की भूमिका की जांच जारी है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।