- अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होगी प्रतिभा खोज, पीटी व एनसीसी कैडेट प्रतियोगिता
- प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए 40 संस्थानों के विद्यार्थियों ने किया है आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह की औपचारिक शुरुआत तो चार दिसंबर से होगी, लेकिन इसके तहत होने वाली प्रतियोगिताओं का आयोजन रविवार से शुरू हो जाएगा। रविवार को प्रतिभा खोज, पीटी और सर्वोत्तम एनसीसी कैडेट चयन प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
समारोह संचालन समिति के सदस्य डा. नितेश शुक्ल ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए करीब 40 संस्थाओं ने आवेदन किए हैं। सभी की प्रतिभागिता सूची महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की वेबसाइट www.mpspgkp.in पर अपलोड कर दी गई है। प्रतिभा खोज परीक्षा दिग्विजयनाथ पीजी काॅलेज के कला संकाय परिसर में दोहपर 12 बजे से आयोजित होगी।
इनके प्रतिभागियों की संख्या 211 है। पीटी प्रतियोगिता के लिए विभिन्न संस्थानों के 235 प्रतिभागियाें ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराई है। यह आयोजन महाराणा प्रताप सीनियर सेकेंड्री स्कूल मंगला देवी मंदिर बेतियाहाता में होगा। इसका समय सुबह नौ बजे निर्धारित है। सर्वोत्तम एनसीसी कैडेट चयन प्रतियोगिता महाराणा प्रताप इंटर काॅलेज में सुबह नौ बजे से होगी। इसमें कुल 203 एनसीसी कैडेट प्रतिभाग करेंगे।