आम लोगों का मानना है कि पुलिस के पास हमारी सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। अपराध को रोकने और मुजरिमों को पकड़ने का काम पुलिस का होता है, लेकिन जब वही पुलिस खुद ही फर्जीवाड़ा करने लगे तो सोचिए समाज के आम लोगों का क्या होगा। ऐसा ही मामला जनपद के श्यामदेउरवां थाने से सामने आया है, जहां पर पुलिस द्वारा फर्जीवाड़ा कर एक आरोपी का पासपोर्ट बनवा दिया गया है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपी को आनन फानन में थाने पर बुलाकर पासपोर्ट जब्त कर लिया है।
यह गड़बड़झाला पुलिस की पासपोर्ट वेरिफिकेशन जैसे कामों से जुड़े लोगों से सामने आया है। थाना क्षेत्र के महम्मदा निवासी एजाज अहमद पर कुछ वर्ष पहले एक मामले में श्यामदेउरवां पुलिस ने मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। उसके बाद आरोपी एजाज ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया।
आवेदन के बाद विभाग द्वारा आरोपी की कागजात पुलिस वेरिफिकेशन के लिए थाने आया। जहां पर पुलिस द्वारा उसे थाने बुलाया गया। उसके बाद आरोपी का पासपोर्ट बगैर जांच पड़ताल किए, सुरक्षा के जिम्मेदारों ने वैरिफिकेशन कर दिया। इस संबंध में श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष विजय राज सिंह ने बताया कि आरोपी का पासपोर्ट जब्त कर उसे निरस्त करवाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।