बसंत पंचमी के मौके पर मंगलवार को गोरखपुर जिले के सभी शहीद स्मारकों पर महाराजा सुहेल देव जयंती समारोह मनाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के साथ ही जिले के आला अधिकारी शहीद स्मारकों पर जाएंगे और श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
कमिश्नर, डीएम समेत अन्य अफसर चौरीचौरा, शहीद बंधु सिंह स्मारक, अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल और शहीद स्मारक डोहरिया कला पर जाएंगे। सुबह 9:30 बजे महाराजा सुहेल देव को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष को याद किया जाएगा। सभी शहीद स्मारकों पर शाम 5:30 से छह बजे तक पुलिस बैंड की ओर से राष्ट्रधुन का वादन होगा।
चौरीचौरा में खादी एवं पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। सभी शहीद स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने चौरीचौरा मेमोरियल स्थल के लिए चौरीचौरा के एसडीएम, बंधु सिंह स्मारक के लिए बीडीओ सरदारनगर, बिस्मिल स्मारक जेल परिसर के लिए जेल अधीक्षक एवं डोहरिया कला के लिए बीडीओ पाली की ड्यूटी लगाई गई है।
बहराइच के कार्यक्रम का होगा प्रसारण
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली से महराजा सुहेल देव की प्रतिमा स्थापना एवं उनकी स्मृति में बहराइच जिले में निर्मित होनेवाले शहीद स्मारक का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के कई मंत्री बहराइच जिले में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का प्रसारण 11 बजे गोरखपुर समेत सूबे के सभी जिलों में शहीद स्मारकों पर किया जाएगा। इसमें जिले के जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उनके आश्रित, शहीद आश्रित, एनएसएस, एनसीसी, सिविल डिफेंस, स्काउट गाइड, सामाजिक संस्थाएं एवं नागरिक शामिल होंगे।