वार रूम का जायजा लेते एनईआर के महाप्रबंधक।
गोरखपुर। माघ मेले में पूर्वोत्तर रेलवे के तीन स्टेशनों वाराणसी, झूसी और प्रयागराज-रामबाग की निगरानी मुख्यालय गोरखपुर से होगी। इसके लिए नियंत्रण कक्ष में बनाए गए वार रूम से तीनों स्टेशनों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को कनेक्ट कर दिया गया है। रोजाना वरिष्ठ अधिकारी वार रूम का निरीक्षण करेंगे और स्टेशन पर तैनात अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहेंगे। शुक्रवार को महाप्रबंधक ने उदय बोरवणकर ने वार रूम का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रयागराज रामबाग एवं झूसी स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की। अधिकारियों को स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), वाणिज्य एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि झूसी रेलवे स्टेशन पर 90 और प्रयागराज-रामबाग स्टेशन पर 72 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक के सचिव आनंद ऋषि श्रीवास्तव, परिचालन, वाणिज्य तथा सिग्नल एवं दूर संचार के वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।