इसी जमीन को पुलिस ने माफिया के चुंगल से छुड़ाया है।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में गुलरिया इलाके के मोगलहा में स्थित जमीन को रविवार की रात माफिया विनोद उपाध्याय के चंगुल से पुलिस ने मुक्त कराया। दरअसल, माफिया ने जमीन को कब्जा करने के लिए बाउंड्रीवॉल पर विवादित लिखा दिया था, जिस वजह से जमीन नहीं बिक पा रही थी, उसे रविवार को पुलिस ने पेंट पोलिश करके साफ करा दिया।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता प्रवीण श्रीवास्तव ने माफिया विनोद उपाध्याय और उसके भाई संजय पर रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि माफिया जमीन बिकने नहीं दे रहा है।
प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने पांच लोगों, आलोक सोनी, प्रीति गुप्ता, अनिकेत, संजय कुमार एवं एक अन्य को जमीन रजिस्ट्री कर दी थी, जमीन लेने वालों ने जब उस जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया तो माफिया ने दीवारों पर लिखवा दिया की यह जमीन विवादित है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन लोगों को बारी-बारी से धमकाना और मारपीट करना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रीति गुप्ता से मारपीट कर जमीन से भगाया गया। प्रवीण श्रीवास्तव से रंगदारी मांगी गई।
उच्चाधिकारियों के मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई हुई। इसी क्रम में गुलरिहा पुलिस ने रविवार को रजिस्ट्री कराने वाले को थाने पर बुलाया और समझाया की निर्माण कार्य शुरू करिए और सुरक्षा की गारंटी हमारी है, अगर किसी तरह की कोई समस्या है तो गुलरिहा पुलिस को मामले से अवगत कराएं।