पिता की हत्या में गवाह बेटी ने केस में सुलह के लिए धमकी देने का केस शाहपुर थाने में दर्ज कराया है। आरोप है कि 2010 में पिता कन्हैया की हत्या की गई थी, जिसमें माफिया सुधीर सिंह, ओमप्रकाश यादव, केएन सिंह व रामाशंकर पासवान (वर्तमान में मृतक) आरोपी हैं।
आरोप है कि केस की पैरवी करने के बाद बीते 28 अक्तूबर को घर लौटे थे। शाम साढ़े चार बजे के करीब एक कार से चार आरोपी आए और माफिया का नाम लेते हुए केस में सुलह करने का दबाव बनाने लगे। आरोपियों ने कहा कि अगर केस में सुलह नहीं की तो पिता की तरह ही हत्या कर दी जाएगी। पुलिस अज्ञात कार सवारों पर धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: छात्रा की मौत पर बोले पिता: मेरे अरमानों की हो गई मौत...समय से इलाज भी नहीं मिल सका
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के जंगल तुलसीराम बिछिया निवासी स्नेहलता ने केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने लिखा है कि छह जून 2010 को पिता कन्हैया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात मेरे सामने ही हुई थी। इस केस में मेरे अलावा मां भी गवाह है। अब इसी केस की तारीख चल रही है और 16 अक्तूबर को मैं कचहरी में गवाही देने के लिए गई थी।
इसकी जानकारी होने पर 28 अक्तूबर को कार में सवार चार असलहाधारी घर पर आए। उन्होंने धमकी देते हुए केस वापस लेने को कहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।