अपर निदेशक पशुपालन अलीगढ़ टीम के साथ कर रहे दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। अलीगढ़ माॅडल की तर्ज पर गोरखपुर मंडल में भी लंपी रोग की रोकथाम की जाएगी। इसके लिए अपर निदेशक पशुपालन अलीगढ़ योगेंद्र सिंह पवार को डाॅक्टरों की टीम के साथ दस दिवसीय दौरे पर यहां भेजा गया हैं। उनके साथ आई डॉक्टरों की टीम मंडल के अलग-अलग जिलों में जाकर टीकाकरण कर रही है। पिछले साल जब लंपी का प्रकोप पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फैला था, तब डॉ. पवार ने बहुत ही अच्छा काम किया था।
अपर निदेशक पशुपालन गोरखपुर मंडल जीके सिंह ने बताया कि मंडल के हर जिले में बाहर से आए दो-दो डाॅक्टरों एवं एक डिप्टी सीएमओ को लगाया गया है। वे क्षेत्र में जाकर पशुओं को देख रहे हैं। मंडल मुख्यालय से इसकी निगरानी की जा रही है। गोरखपुर जिले में तीन टीमें लगाई गई हैं। कैंपियरंग, सहजनवां और कौड़ीराम क्षेत्र में एक-एक टीमें काम कर रही हैं।
अपर निदेशक के मुताबिक बृहस्पतिवार तक जिले में 57300 पशुओं का टीकाकरण हो चुका है। अब तक लंपी से पांच पशुओं की मौत हो चुकी है। 454 पशु इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। उपचार के बाद 282 पशु ठीक हो चुके हैं। उन्होंने पशु पालकों से अपील की है कि यदि किसी पशु में लंपी का असर दिखाई दे तो उसे पशु चिकित्सक से संपर्क करें। किसी झोलाछाप को न दिखाएं।