रेडियोलॉजिस्ट एसोसिएशन की दो दिवसीय कार्यशाला में जांच के तरीकों पर हो रहा मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। लिवर में बने ट्यूमर को अब नष्ट किया जा सकता है। इसके लिए अल्ट्रासाउंड गाइड इलेक्ट्रोड तकनीक ईजाद हुई है। इस तकनीक में अल्ट्रासाउंड की मदद से रेडियो फ्रीक्वेंसी एब्लेशन दिया जाता है। यह लिवर में बने समान गांठ को नष्ट कर देता है।
यह जानकारी एम्स दिल्ली के रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजू शर्मा ने शनिवार को इंडियन रेडियोलॉजी एंड इमेजिन एसोसिएशन की जिला इकाई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार रिकॉन में दी। लिवर कैंसर पर व्याख्यान देते हुए डॉ. राजू शर्मा ने कहा कि जिन मरीजों में एसिडिटी की समस्या होती है, उनमें लिवर कैंसर की आशंका होती है। लिवर पहले फैटी होता है। उसमें सिरोसिस बनता है जो कैंसर में तब्दील हो जाता है। इसकी पहचान सीटी स्कैन व एमआरआई से की जानी चाहिए।
नोएडा के इंटरवेंशन रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जीपीएस चौहान ने बताया कि गर्भावती, आईसीयू में भर्ती या कैंसर के मरीजों के पैर की नसों में खून के थक्के जम जाते हैं। इन्हें डीप वेन्स थ्राम्बोसिस कहते हैं। अब इसका इलाज रेडियोलॉजी द्वारा हो रहा है। इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी में इसे कैथेडर डायरेक्टेड थ्राम्बेक्टमी कहते हैं। इसमें छोटे चीरे की मदद से धमनी में कैथेटर डाल कर खून के थक्के को बाहर निकाल लिया जाता है।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रोशन झा ने बताया कि पूर्वांचल में अपेंडिक्स के मामले सबसे अधिक हैं। अगर अपेंडिक्स सात मिलीमीटर से अधिक बड़ा है और उसकी धमनियों में खून का प्रभाव बढ़ रहा है तो फौरन ऑपरेशन की जरूरत होती है।
-
डॉ. राधामोहन दास ने किया उद्घाटन, सीएम ने भी दीं शुभकामनाएं
गोरखपुर। शहर के एक निजी होटल में चल रहे इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी एसोसिएशन को शुभकामना दी है।
डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि विज्ञान और तकनीकि तरक्की के इस दौर में हर क्षेत्र में हर दिन परिवर्तन हो रहा है। रेडियोलॉजी के क्षेत्र में भी तमाम तकनीकि बदलाव आए हैं। सेमिनार इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि एम्स व पीजीआई में प्रयोग में लाई जा रही तकनीकि छोटे शहरों में प्रैक्टिस कर रहे रेडियोलॉजिस्ट को भी मिल जाएगी। सांसद ने कोरोना कॉल के दौरान हुई बेतहाशा सिटी स्कैन पर भी चिंता जताई।
इस दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ गणेश कुमार, जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र ठाकुर, आयोजन समिति के डॉ. राजीव जायसवाल, डॉ. विक्रांत अग्रवाल, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ केएम राव एवं डॉ. छितिज शर्मा समेत तमाम रेडियोलॉजिस्ट मौजूद रहे। ब्यूरो