गाेरखनाथ थाने में बृहस्पतिवार शाम को सामान्य दिनों की तरह काम काज चल रहा था। इसी दौरान एक युवक को दोनों ओर पकड़े दो युवतियां थाने में पहुंचीं। वहां पहुंचकर युवतियों ने जो बात बताई पुलिस सुन कर पसोपेश में फंस गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका नाम सतीश है और वह गोरखनाथ इलाके का ही रहने वाहा है। सतीश ने बताया कि इन दोनों में एक युवती से उसका पहले प्रेम संबंध था। लेकिन कुछ समय पहले से वह उससे दूरी बनाने लगी थी। इसी बीच उसकी दोस्ती दूसरी लड़की से हो गई। इसकी जानकारी होने पर पहली वाली युवती उसके घर पर पहुंच गई। उसने उसके साथ अपनी तस्वीरें घरवालों को दिखाईं तो घरवाले शादी को तैयार हो गए। इसकी भनक लगते ही दूसरी युवती भी घर पहुंच गई। फिर दोनों युवतियां, युवक को लेकर थाने पहुंच गई। थाने में पुलिस ने मामले को सुलझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों ही कार्रवाई पर अड़ी रहीं।
तब युवक ने दूसरी वाली युवती से शादी की बात कही। युवक का वह फैसला सुनते ही पहली युवती ने युवक पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। इस पर पुलिस ने युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।