नोएडा में रह रहे बेटों और बहू के पास से गोरखपुर के कुड़ाघाट लौटी महिला व उनके पति को मंगलवार की शाम 6 बजे होम क्वारंटीन करा दिया गया। सूचना पर पहुंची मेडिकल व पुलिस टीम ने दोनों की जांच की। हालांकि जांच में दोनों में कोई संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। उधर मोहल्ले के लोग सहमे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार केंट के कूड़ाघाट आवास विकास कालोनी निवासी एक महिला के दोनों बेटे नोएडा में रहकर नौकरी करते हैं। दोनों बहुवें भी वंही है। महिला और उनके पति लॉकडाउन से पहले बेटों से मिलने नोएडा गये थे और वंही फंस गए। किसी तरह बेटे ने कार का पास बनवाकर दोनों को गोरखपुर लाया।
सोमवार की रात वे अपने गांव खजनी के छटाई पहुंचे। मंगलवार की सुबह कुड़ाघट स्थित घर आए। जिसके बाद मोहल्ले वालों ने पुलिस को सुचना दी। पार्षद प्रतिनिधि राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला और उनके पति को पुलिस व मेडिकल टीम ने क्वारंटीन कराया है। इस संबंध में सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया की दंपति में अभी कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। एहतियात के तौर पर दोनों को क्वारंटीन कराया गया है।