अब प्राधिकरण ने लोहिया एन्क्लेव को टाउनशिप घोषित करने का निर्णय किया है। इसे लेकर एनजीटी की तरफ से अधिकृत किए गए नोडल अफसर व प्रमुख सचिव सिंचाई के पास प्राधिकरण ने प्रस्ताव भी भेज दिया है। उम्मीद है कि दो से तीन दिन में उनकी सहमति भी मिल जाएगी।
प्राधिकरण सूत्रों के मुताबिक उन्होंने प्राधिकरण के प्रस्ताव पर मौखिक रजामंदी दे भी दी है। इसके बाद जीडीए तत्काल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति के लिए आवेदन करेगा। चूंकि आवंटियों का मामला शासन स्तर पर चल रहा है। खुद मुख्यमंत्री भी जल्द से जल्द उन्हें कब्जा देने की बात कह चुके हैं लिहाजा माना जा रहा है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी जल्द रजामंदी मिल जाएगी जिसके बाद आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जीडीए के मुख्य अभियंता संजय सिंह ने बताया कि टाउनशिप का एरिया 50 हेक्टेअर से कम होना चाहिए और वहां निर्माण का क्षेत्रफल 1.50 लाख वर्ग मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए। लोहिया एन्क्लेव का क्षेत्रफल 23 हेक्टेअर है। टाउनशिप के लिए जरूरी वहां सड़क, सीवर, पार्क, एसटीपी आदि पहले से मौजूद है। सुविधाओं को लेकर जो अन्य जरूरी शर्तें होंगी, उन्हें भी जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
उधर, रामगढ़ताल वेटलैंड को लेकर भी जल्द ही नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। इसे लेकर वन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। रिपोर्ट विधि विभाग को भेज दी गई है। उम्मीद जताई जा रह है कि जल्द ही वहां से स्वीकृति मिल जाएगी जिसके बाद जिले स्तर पर नोटिफिकेशन कर आपत्ति मांगी जाएगी।
इसके लिए 14 दिन का समय दिया जाएगा। आपत्तियों का निस्तारण कर शासन स्तर से फाइनल नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। डीएफओ अविनाश कुमार के मुताबिक ताल के 50 मीटर तक का ही एरिया वेटलैंड रखा गया है। कुछ ही एरिया में 100 और 120 मीटर तक वेटलैंड घोषित किया गया है।
वह भी एरिया खाली है, वहां कोई निर्माण नहीं है। ऐसे में वेटलैंड का मामला भी सुलझ जाएगा जिससे आवंटियों को कब्जा देने में कोई रोड़ा नहीं रह जाएगा।
उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि लेक व्यू को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। लोहिया एन्क्लेव को भी टाउनशिप घोषित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही अनुमति भी मिल जाने की उम्मीद है। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति के लिए आवेदन कर दिया जाएगा। स्वीकृति मिलते ही कब्जा देने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। वन विभाग भी जल्द ही रामगढ़ताल का नोटिफिकेशन जारी कर देगा।