डीएम ने जिले के लोगों से अपील की है कि लॉकडाउन की घोषणा से घबराने की जरूरत नहीं है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आम जनमानस की सुरक्षा के लिए यह जरूरी था। ऐसे में लोग शुक्रवार की शाम सात बजे तक जरूरी सामान खरीद लें। हालांकि दूध, सब्जी, दवा जैसे सामान घर बैठे मिलेंगे, इसलिए किसी को भी सामान स्टोर करने की जरूरत नहीं है। जिस तरह से लॉकडाउन के पहले चरण से लेकर तीसरे चरण तक जबतक बाजार नहीं खुले थे, लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई उसी तरह इस बार भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
रसोई गैस की होम डिलीवरी होगी
रसोई गैस एजेंसी और गोदाम खुले रहेंगे। मगर कोई वहां जाकर गैस सिलिंडर नहीं ले पाएगा। पहले के लॉकडाउन की ही तरह एजेंसी संचालकों को होम डिलीवरी करनी होगी।
सभी तरह की दुकानें, बाजार बंद रहेंगे
तीन दिन के इस लॉकडाउन में साहबगंज, महेवा गल्ला मंडी समेत सभी बाजार बंद रहेंगे। सिर्फ सब्जी और फल की महेवा मंडी खुली रहेगी। वहां भी आम जनता को एंट्री नहीं मिलेगी। ठेले वाले ही वहां से सब्जी खरीदकर मोहल्लों में ले जाकर बेचेंगे।
लॉकडाउन के दौरान सभी हॉटस्पॉट से लेकर सामान्य इलाकों में भी वृहद स्वच्छता अभियान चलेगा। शहर में यह जिम्मेदारी नगर निगम और गांवों में जिला पंचायतीराज विभाग की होगी।
अखबार की गाड़ियों, समाचार पत्र विक्रेता पर कोई रोक नहीं
डीएम ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान अखबार ले जाने वाली गाड़ियों का संचालन पूर्व की ही तरह होगा बशर्ते उन्हें यह ध्यान रखना होगा कि चालक, परिचालक को छोड़ तीसरा कोई व्यक्ति गाड़ी में न बैठ सके। इसी तरह समाचार पत्र विक्रेता भी अखबारों का वितरण कर सकेंगे। उन्हें कोई रोकेगा नहीं।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। हाल के कुछ दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जिसकी वजह से जनहित में लॉकडाउन का फैसला लिया गया है। दूध, दवा, सब्जी जैसी सभी जरूरी सेवाएं लोगों के घरों तक मिलेंगी। अस्पताल भी खुले रहेंगे।
लोगों से अपील है कि लॉकडाउन तक वे अपने-अपने घरों में ही रहें और बहुत जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकले। कोई बिना वजह सड़क पर दिखाई दिया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।