बस्ती महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। छात्र-छात्राओं को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रतिभाग का प्रदर्शन करेंगे। इनका चयन डीएम की अध्यक्षता में गठित स्क्रीनिंग कमेटी करेगी। मंडलायुक्त सभागार में मंगलवार को महोत्सव की तैयारियों के लिए हुई बैठक में डीएम ने कहा कि तीन दिवसीय महोत्सव में जिले की जनता अपने प्रतिभाओं से रूबरू हो सकेंगे।
डीएम ने बैठक में मौजूद समितियों के प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह समिति के सदस्यों के साथ बैठक करके कार्ययोजना बना लें। इसे एडीएम कार्यालय में जमा भी कर दें। सुनिश्चित करें कि सभी कार्य समय से पूर्ण हो, ताकि बस्ती महोत्सव यादगार बनाया जा सके। अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह परिसर में विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
बाहर से आने वाले कलाकारों, कवियों की व्यवस्था के लिए अलग से अधिकारी तैनात किए जाएंगे। महोत्सव जिले के सभी नागरिकों का महोत्सव है। वे अपना सुझाव व यूनियन बैंक स्थित बस्ती महोत्सव के खाते में चेक, ड्राफ्ट के माध्यम से योगदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बस्ती महोत्सव में तैयार किए गए वेबसाइट को पुन: संचालित किया जाएगा।
बैठक का संचालन एडीएम अभय कुमार मिश्रा ने किया। बैठक में सीडीओ सरनीत कौर बोका, सीआरओ नीता यादव, अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार, उपजिलाधिकारी आसाराम वर्मा, नीरज प्रसाद पटेल, तहसीलदार पवन जायसवाल, चंद्रभूषण प्रताप, डॉ. संजय त्रिपाठी, पीडी आरपी सिंह, संजेश श्रीवास्तव, मुख्य कोषाधिकारी श्रीनिवास त्रिपाठी, विनय सिंह, डीएस यादव, जगदीश शुक्ला, प्रधानाचार्य नीलम सिंह, नीलोफर उस्मानी, सांसद प्रतिनिधि राजेश पाल चैधरी, भावेश पांडेय, विवेकानंद मिश्रा, विमल पांडेय, प्रदीप पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्र, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी सीपी सिंह व अन्य मौजूद रहे।