रोते बिलखते परिजन (इनसेट में बच्चे की फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा क्षेत्र के संठी गांव में बृहस्पतिवार को खेलते दौरान शौचालय के गड्ढे में गिर जाने से मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। बाद में परिजनों ने शव को घाघरा नदी के चाडीपुर घाट पर जल प्रवाह कर दिया।
संठी गांव निवासी सूरज चौहान के घर के बगल में शौचालय का निर्माण दो साल पहले कराया गया था। शौचालय का गड्ढ़ा खुला हुआ था। बृहस्पतिवार की सुबह सूरज चौहान का डेढ़ वर्षीय बेटा शिवम खेलते- खेलते शौचालय गड्ढे में जाकर गिर गया। मासूम के गड्ढे में गिरते समय परिवार के लोग देख नही पाए। कुछ देर तक मासूम दरवाजे पर नही दिखा तो उसकी मां सुमन बेटे की तलाश करने लगी।
तलाश करते समय जब मां की नजर शौचालय के गड्ढे की ओर गई तो उसके अंदर बेटे को देख रोने लगी। मां सुमन के रोने की आवाज सुन परिवार और अगल -बगल के लोग वहां पहुंच गए और मासमू को गड्ढे से बाहर निकाला,लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।गांव वालों का आरोप था कि सूरज के घर बगल में शौचालय का निर्माण ग्राम पंचायत की ओर से कराया गया था, लेकिन शौचालय के गड्ढे पर ढक्कन नहीं लगवाया गया।