भरोहिया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित एक निजी अस्पताल के एचआर मैनेजर पर घात लगाकर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले में मैनेजर के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए, जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हनुमतनगर वार्ड नंबर-02 निवासी धीरज कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह छह मार्च 2026 से एक निजी हॉस्पिटल में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और अनुशासन लागू करने के कारण कुछ पुराने कर्मचारियों से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में अस्पताल के कर्मचारी संदीप निषाद, आकाश यादव, चमन और आर्यन मिश्रा द्वारा उन्हें पूर्व में धमकियां भी दी गई थीं। पीड़ित के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7:45 बजे ड्यूटी समाप्त कर घर जाते समय अस्पताल से लगभग 100 मीटर दूर 4-5 अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। हेलमेट पहने होने से सिर पर घातक चोट नहीं लगी, जिससे उनकी जान बच गई। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।