जलकल विभाग में शिकायत के बाद भी ठीक नहीं हुआ लीकेज, आ रहा बालू और बदबूदार पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। शहर के हांसूपुर और जनप्रिय विहार इलाके में पानी की आपूर्ति वाले पाइप लाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर पाइप टूटी होने के कारण नालियों का गंदा पानी घरों में आ रहा है। इससे लोगों को दूषित पानी मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलकल विभाग में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन लीकेज ठीक नहीं किया गया।
हांसूपुर मोहल्ले में नलों से आने वाला पानी बदबूदार और उसमें बालू भी आ रहा है। कई परिवारों को मजबूरी में बाहर से पानी मंगाकर पीना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत के बाद जलकल विभाग ने कुछ स्थानों पर टूटे पाइप की मरम्मत कराई है, लेकिन कई इलाकों में अभी भी लीकेज की समस्या बनी हुई है। मरम्मत अधूरी होने से समस्या बार-बार सामने आ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हांसूपुर में बब्बू सिंह की गली के पास पाइप लीकेज होकर नाली के संपर्क में है, जिससे गंदा पानी सीधे पेयजल में मिल रहा है।
स्थानीय पार्षद लाली गुप्ता ने बताया कि इसके लिए कई बार शिकायत की गई है। वहीं काॅलोनी जनप्रिय विहार में भी लीकेज की समस्या से लोग परेशान हैं। हुमायूंपुर उतरी में रामकृष्ण श्रीवास्तव के बगल में लीकेज की समस्या है जिससे पानी गंदा आ रहा है। इसके साथ ही हड़हवा फाटक पर सूरज वर्मा के घर के पास पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि इसके लिए कई बार शिकायत की गई है।
-
पाइपलाइन और ट्यूबवेल बदलने की मांग
स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदों ने भी पुरानी पाइपलाइन और ट्यूबवेल को बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार मरम्मत कराने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। यदि जल्द पाइपलाइन बदली नहीं गई तो क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बना रहेगा। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
गंदा पानी पीने से हो सकती है पेट की बीमारी
जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत सिंह ने बताया कि गंदा पानी पीने से किडनी, लीवर सहित पेट की तमाम बीमारियां हो सकती हैं। पानी पीने से पहले यह जरूर जांच लें कि यह पानी शुद्ध है कि नहीं। उन्होंने कहा कि जहां तक हो सके आरओ का पानी पीयें। इस समय पानी को गुनगुना कर सेवन करें।
कोट
करीब डेढ़ साल से गंदा पानी पाइपलाइन से आ रहा है। कई बार शिकायत की गई है। गंदे पानी से आरओ को हर महीने बनवाना पड़ता है। कार्टेज बदलवाने में 15 सौ से दो हजार के आसपास का खर्च आ जाता है। परेशानी दूर होनी चाहिए।
- श्रीनाथ चौधरी, हांसूपुर
कोट
मोहल्ले में कई जगह पानी की पाइपलाइन में लीकेज है। नाली के पानी के संपर्क में आने से घरों में गंदा व बदबूदार आ रहा है। यह समस्या साल भर से है। इस समय ज्यादा हो गई है।
- अलका शुक्ला, राजघाट