संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रही राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबाल प्रतियोगिता का लीग राउंड मंगलवार को समाप्त हो गया। बुधवार से क्वार्टर फाइनल शुरू हो जाएंगे। यहां जो जीता वह ट्रॉफी की रेस में बरकरार रहेगा। हारने वाली टीम को बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा। क्वार्टर फाइनल मुकाबले सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
मंगलवार को खेले गए पहले मुकाबले में मिर्जापुर ने अलीगढ़ मंडल को रोमांचक मुकाबले में 2-0 के अंतर से हराया। मिर्जापुर की तरफ से नेहा कुमारी और पिंकी दूबे ने अपनी टीम के लिए 1-1 गोल किए। दूसरा मैच मेरठ बनाम मुरादाबाद मंडल के बीच खेला गया जिसमें मेरठ ने 1-0 के अंतर से मुरादाबाद को शिकस्त दी। मेरठ की तरफ से मैच का एकमात्र गोल तेजस्वी ने किया।
तीसरा मैच गोरखपुर और कानपुर मंडल की टीम के बीच खेला गया जिसमें गोरखपुर ने एकतरफा मुकाबले में 3-0 गोल के अंतर से कानपुर को पराजित किया। गोरखपुर की तरफ से सोनम कुमारी और अजरा खातून ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। चौथे मैच में आगरा ने लखनऊ को 1-0 से हराया। मैच का आखिरी गोल आगरा की तरफ से शैवी कुमारी ने किया। प्रतियोगिता में आबजर्वर की भूमिका में मोहम्मद हमजा रहे।