गोला में सलमान का ग्राहक सेवा केंद्र पर लटका है ताला।
- फोटो : अमर उजाला
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चलाने वाले सलमान की गिरफ्तारी के बाद उसकी गतिविधियों की जांच खुफिया एजेंसी ने शुरू कर दी है। सलमान करीब दो साल से गोला में ग्राहक सेवा केंद्र चला रहा था। इस दौरान उसने फर्जीवाड़ा कर कितने रोहिंग्या व बांग्लादेशी का जन्म प्रमाणपत्र बनाया है और कितने खातों से रुपये निकाले हैं, इसका पर्दाफाश उसके पास से मिले लैपटाॅप से होगा।
लैपटाॅप खंगालने के बाद फर्जीवाड़ा कर देश में घुसे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की तलाश की जाएगी। बताया जा रहा है कि सलमान ने दो साल पहले यूनियन बैंक से समझौता कर ग्राहक सेवा केंद्र गोला में खोला था, जिसके माध्यम से वह देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हो गया था।
बैंक अब सीएसपी के अनुबंध को समाप्त कर उसे बंद करने की तैयारी शुरू कर चुका है। सीएसपी को बंद कराने के लिए पुलिस भी बैंक को पत्र भेजने की तैयारी कर रही है। वर्तमान में सीएसपी पर ताला लटका हुआ है, जबकि सलमान के साथ ही उसके भाई भी इस काम में हाथ बंटाते थे। इस घटना के बाद वे सीएसपी खोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
सलमान चार भाई और आठ बहन है। भाइयों में वह सबसे बड़ा है। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। सात बहनों की शादी हो चुकी है। एक बहन मानसिक रूप से बीमार है। दो भाई अलग रहते हैं तो वहीं सबसे छोटा भाई सलमान के साथ ही रहता है। घर पर मां और मानसिक रूप से बीमार बहन के साथ छोटा भाई मौजूद है। सलमान सोशल मीडिया के जरिए अन्य जालसाजों से जुड़ा था।
परिवार नहीं रखता था किसी से अधिक संपर्क
गोला के तहसील चौराहे पर स्थित सलमान के ग्राहक सेवा केंद्र पर उसका छोटा भाई भी बैठता था। शुक्रवार को एटीएस की टीम जब पहुंची तो उस समय सलमान ही था। जानकारी होने पर छोटा भाई अरमान जब तक पहुंचा, टीम तब तक लैपटाॅप के साथ ही सलमान को साथ लेकर लखनऊ निकल गई।
रायबरेली में दर्ज केस में उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भिजवा दिया गया। खुफिया एजेंसी की जांच में सामने आया है कि सलमान का परिवार गोला कस्बे के वार्ड नंबर छह में रहता है। आसपास रहने वाले लोग परिवार की पूरी जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि सलमान व उसके भाई ग्राहक सेवा केंद्र पर रहते थे। घर पर रहने वाली बहन व मां ज्यादा किसी से अधिक संपर्क नहीं रखती थीं। दो भाइयों का परिवार अलग रहता है।