कमलेश-दीनानाथ की जमीन जब्त, किराएदारों के खाली करने पर मकान पर लग गया सरकारी ताला
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सीलिंग की भूमि बेचने के आरोपी भू-माफिया कमलेश यादव के साथी दीनानाथ प्रजापति ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उसे जेल भिजवा दिया गया है। उधर, सोमवार को कमलेश-दीनानाथ की झंगहा के गहिरा में स्थित पंद्रह बीघा जमीन को भी जब्त कर लिया गया। वहीं किराएदारों के खाली करने पर मकान पर सरकारी ताला लगा दिया गया। इस दौरान पुलिस ने मुनादी कराकर उनकी करतूत को आसपास के लोगों को भी बताया।
जानकारी के मुताबिक, सीलिंग की जमीन बेचकर करोड़ों रुपये की जालसाजी करने वाले कमलेश यादव और दीनानाथ प्रजापति की संपत्ति जब्त की जा रही है। इसी माह में पुलिस ने मोहद्दीपुर में कमलेश यादव के मकान, नंदानगर में दीनानाथ के आलीशान मकान सहित अन्य प्रॉपर्टी को चिह्नित किया। इसके अलावा दीनानाथ प्रजापति के कुसम्ही स्थित मैरेज हाउस पर बुलडोजर भी चला।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि झंगहा के गहिरा में भी जमीन है। जबकि मकानों में किराएदार रहते थे। पूर्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने किराएदारों को मकान खाली करने का समय दिया। सोमवार को पुलिस टीम ने किराएदारों से मकान खाली होने पर प्रॉपर्टी को जब्त कर लिया।