भटहट (गोरखपुर)। भटहट ब्लॉक के तरकुलही गांव में वर्षों से लंबित नाली निर्माण को लेकर चल रहा जमीन का विवाद शनिवार को भी नहीं सुलझ सका। विधायक पिपराइच और एसओ की घंटों चली मशक्कत के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई। अब मामले में समाधान प्रक्रिया आगामी शुक्रवार को होगी।
जानकारी के अनुसार, तरकुलही गांव में अधूरी नाली निर्माण के चलते गांव का नाबदान पानी पिच रोड पर बह रहा है, जिससे मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक पिपराइच महेंद्र पाल सिंह से मुलाकात कर पिच रोड से तुर्रा नाले तक करीब 700 मीटर नाली निर्माण कराने और विधायक निधि से कार्य कराने की मांग की थी।
शनिवार को विधायक महेंद्र पाल सिंह, पिपराइच एसओ विवेक त्रिवेदी, हलका कानूनगो और राजस्व टीम मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीणों के दो पक्ष होने के कारण सहमति नहीं बन सकी। स्थिति अनसुलझी रहने पर विधायक ने मौके से ही एसडीएम सदर से वार्ता कर आगामी शुक्रवार को राजस्व टीम की उपस्थिति में दोबारा मौके पर समाधान प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया। इस दौरान एसडीएम सदर सहित राजस्व टीम विवादित स्थल का निरीक्षण कर मामले को सुलझाने का प्रयास करेगी।