श्रम मंत्री ने 40 नवदंपतियों में बांटे प्रमाण पत्र, 200 पंजीकरण में से 188 जोड़ों का हुआ विवाह, 16 मुस्लिम जोड़े भी शामिल
गोरखपुर। मजदूर दिवस के अवसर पर चंपा देवी पार्क में श्रम विभाग की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 188 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इस आयोजन में चार जिलों के श्रमिक परिवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर रहे। उन्होंने नवविवाहित 40 जोड़ों को प्रमाण पत्र वितरित किया और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत है और सरकार उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दंपतियों से आपसी समझ और जिम्मेदारी के साथ जीवन यापन करने का आह्वान किया।
श्रम विभाग के अनुसार, इस योजना के तहत 200 श्रमिकों ने अपने पुत्र-पुत्रियों के विवाह के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 188 जोड़े समारोह में शामिल हुए। इनमें 16 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे, जबकि 12 जोड़े उपस्थित नहीं हो सके। योजना के तहत प्रत्येक दुल्हन के खाते में 85 हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। देवरिया से आए कुछ नवदंपतियों ने बताया कि इस योजना से उन्हें आर्थिक रूप से काफी सहारा मिला है और शादी का बोझ कम हुआ है।