सुकरौली बार्डर पर जायजा लेते डीएम व एसपी।
- फोटो : अमर उजाला।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए तमाम कोशिशों के बावजूद इसका खतरा कम नहीं हो रहा है। अब तक इस बीमारी से सुरक्षित रहे कुशीनगर जनपद में सभी पड़ोसी जिलों में इस मर्ज के संक्रमित पाए जाने के बाद खतरा और बढ़ गया है। इसे लेकर हर किसी की चिंता बढ़ गई है।
जिला प्रशासन ने भी इस खतरनाक बीमारी से बचाव के लिए जांच-पड़ताल तेज कर दिया है। सभी बार्डर वाले इलाकों को सील कर दिया गया है तथा वाहनों की एक-एक कर सघन तलाशी ली जा रही है। एंबुलेंस पर विशेष तौर पर नजर रखी जा रही है।
गोरखपुर से लगने वाले सुकरौली बार्डर पर डीएम और एसपी सुबह ही पहुंच गए और जांच-पड़ताल तेज कर दी। कोरोना मुक्त घोषित हो चुके पड़ोसी जनपद महराजगंज में फिर से इस रोग का संक्रमित पाए जाने के बाद चिंता काफी बढ़ गई है। इससे पहले महराजगंज में छह संक्रमित मिले थे।