- थोक बाजार में 200 से 500 रुपये में मिल रहे कुर्ते
- साथ ही अन्य कपड़ों का बाजार भी हुआ गुलजार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। होली का त्योहार व रमजान शुरू होते ही शहर के कपड़ा बाजार में रौनक बढ़ गई है। खासकर कुर्ता-पायजामा और सफेद सूती कुर्तों की मांग में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। थोक बाजार में साधारण सूती कुर्ते 200 से 500 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं, जिससे खुदरा दुकानदारों के साथ-साथ आम ग्राहकों की भी भीड़ बढ़ गई है।
व्यापारियों का कहना है कि इस बार होली को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है। युवा वर्ग रंग खेलने के लिए सफेद कुर्ता खरीदना पसंद कर रहा है, जबकि बुजुर्ग पारंपरिक कुर्ता-पायजामा की ओर रुझान दिखा रहे हैं। बाजार में सूती, लिनन और हल्के डिजाइनदार कुर्तों की अच्छी खपत हो रही है। सिर्फ कुर्ता ही नहीं बल्कि टी-शर्ट, बच्चों के कपड़े और महिलाओं के लिए रंग-बिरंगे परिधान भी तेजी से बिक रहे हैं। कई दुकानदार आकर्षक छूट और ऑफर देकर ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
शाहमारुफ के थोक व्यापारी लल्लू के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री बेहतर रहने की उम्मीद है। व्यापारी नागेश ने बताया कि त्योहार के नजदीक आते-आते मांग और बढ़ने की संभावना है। कुल मिलाकर होली ने कपड़ा बाजार में नई जान फूंक दी है और बाजार पूरी तरह गुलजार है।