लोहिया इन्क्लेव में बनेगा कोविड-लेवल-वन का एक हजार बेड का अस्पताल पांच अस्पतालों में 663 बेड की सुविधा अभी है मौजूद अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। जिले में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए विभाग ने सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अलाक्षणिक मरीजों के लिए लोहिया इन्क्लेव में एक हजार के बेड के अस्प्ताल बनाए जाएंगे। इसमें लेवल-वन के मरीज भर्ती होंगे। अब तक 663 बेड के कोविड-19 लेवल वन और टू के अस्पताल हैं। लोहिया इन्क्लेव में एक हजार बेड बढ़ने के बाद इसकी संख्या 1663 हो जाएगी। जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि जुलाई में मरीजों की संख्या और भी बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में मरीजों का इलाज समुचित व्यवस्था में हो सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पहले से ही तैयारी में जुट गया है। मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें तत्काल इलाज उपलब्ध हो सके। इसके लिए अस्पतालों व बेडों की तैयारी की जा रही है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि कुछ ऐसे भी अस्पताल व स्कूल चिह्नित किए जा रहे हैं, जिनका जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सके। इसके लिए लोहिय इन्क्लेव में एक हजार बेड तैयार किए जाएंगे। इसमें अलाक्षणिक मरीज रखे जाएंगे।