‘बाहर से लौटे लोग कराएं अपनी जांच’
डीएम ने टीकाकरण को जरूरी बताया, कहा-बस और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच करेगी टीम
एक मरीज पर 25 मीटर और दो मरीज पर 50 मीटर तक बनेगा कंटेनमेंट जोन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बाहर से लौटे लोग अनिवार्य रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं। महामारी का असर कम करने के लिए टीकाकरण भी जरूरी है। कोरोना संक्रमितों के इलाज और संक्रमण की गति कम करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
ये बातें डीएम एस राजलिगंम ने कहीं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि देश के अन्य राज्यों में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। जिले में भी बीते कुछ दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे बचाव के लिए लोगों को पूर्व की तरह इस बार भी सावधानी बरतनी होगी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और मास्क का प्रयोग करना होगा। कोविड को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के प्रत्येक सीएचसी व पीएचसी समेत जिला अस्पताल में बाहर से आने वाले लोगों के जांच के लिए टीम लगाई गई है। बाहर से आने वाले लोगों की जांच के लिए सरकारी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी अलग से स्वास्थ्य टीम लगाई जा रही है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाने का कार्य भी चल रहा है। शहर या गावों में कोरोना के मरीज मिलने पर 25 से 50 मीटर तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए जिला अस्पताल में अलग से वार्ड बनाया गया है। उन्होंने सभी लोगों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहने की अपील की है।