पादरी बाजार में गुलरिहा इलाके के शिवपुर सहबाजगंज नहर रोड पर शराब पीने से मना करने पर युवक ने चाचा पारस (40) के पेट में चाकू घोंपकर घायल कर दिया। गर्दन पर भी चाकू से वार किया। वहीं बीच बचाव करने में दूसरे भतीजे को भी चोट आ गई। घायल चाचा को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की तहरीर पर शुक्रवार को गुलरिहा पुलिस ने आरोपित भतीजा मुनीब पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वारदात के बाद से वह घर छोड़कर फरार है।
जानकारी के मुताबिक शिवपुर सहबाजगंज में इलेक्ट्रिीशियन का काम करने वाले पारस चौहान और उनके भतीजे एक ही मकान में रहते हैं। आरोप है कि भतीजा मुनीब अक्सर शराब के नशे में घर आता है और गाली गलौच करता है। बृहस्पतिवार को भी वह शराब के नशे में आया था। चाचा ने उसे शराब पीने से मना किया फिर दोनों में कहासुनी हो गई। इस दौरान उसने घर में रखे चाकू से चाचा पारस पर ताबड़तोड़ कई वार किए।
आनन फानन आए घरवालों ने बीच बचाव कर घायल पारस को अस्पताल में भर्ती कराया है। शुक्रवार को थाने पहुंचकर घरवालों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ गुलरिहा मनोज राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।