नरगिस बानो के घुटने का हुआ प्रत्यारोपण।
- फोटो : अमर उजाला।
घुटने के दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। जिला अस्पताल में घुटना प्रत्यारोपण की शुरुआत हुई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने शनिवार को महिला के दाएं घुटने का सफल प्रत्यारोण किया है। महिला पूरी तरह से स्वस्थ है।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर थाना क्षेत्र के सूरजकुंड की रहने वाली नरगिस बानो (62) काफी समय से घुटनों के दर्द से पीड़ित थीं। काफी जगहों पर इलाज कराया, लेकिन दर्द से निजात नहीं मिली। इस बीच उन्होंने जिला अस्पताल में आर्थो सर्जन व अस्पताल अधीक्षक डॉ. अंबुज श्रीवास्तव को दिखाया।
डॉ. अंबुज ने जांच के बाद इलाज शुरू किया। साथ ही प्रत्यारोपण की सलाह दी। मरीज घबरा गई और रुपये न होने की बात बताई। डॉ. अंबुज ने प्रत्यारोपण के लिए किसी तरह का शुल्क न लेने की बात कही। इसके बाद मरीज ने प्रत्यारोपण कराने का फैसला लिया।
डॉ. अंबुज श्रीवास्तव के निर्देशन में आर्थो सर्जन डॉ. राजन शाही, डॉ. आरपी गौतम, डॉ. आनंद कुमार सिंह की टीम ने मरीज के दाहिने पैर के घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. राजेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि पहली बार जिला अस्पताल में सफल घुटना प्रत्यारोपण किया गया है। अब अस्पताल के आर्थो ओटी में अन्य मरीजों का भी घुटना प्रत्यारोपण शुरू किया जाएगा। इससे मरीजों को निजी अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा।