झंगहा थाने में युवक के लापता होने पर दर्ज की गई थी प्राथमिकी
गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण का मामला जांच में झूठा निकला। जांच में पता चला कि युवक अपने एक साथी के साथ शराब पीकर दोस्त के साथ ट्रक से चला गया था। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों को सौंप दिया।
डीहघाट निवासी गुड्डी देवी पत्नी गोले ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा सत्यम गायब हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि उसका अपहरण कर लिया गया है और रुपये की मांग की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और सत्यम को बरामद कर लिया। सत्यम ने बताया कि वह 29 मार्च को अपने गांव के प्रहलाद यादव के साथ हाटा, थाना गगहा गया था। वहां दोनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद नशे की हालत में सत्यम अकेले ही एक ट्रक पकड़कर भटनी पहुंच गया। भटनी में ट्रक से उतरने के बाद वह सो गया। नशा उतरने पर उसने एक राहगीर से फोन लेकर अपनी बहन परी से संपर्क किया और फिर साधन के जरिये घर लौटने लगा। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि पुलिस ने जानकारी और तस्दीक के आधार पर उसे थाने लाया। जांच में स्पष्ट हुआ कि सत्यम को न तो किसी ने जबरन ले जाया था और न ही उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई।