गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी कर तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। मेले में 40 डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 20-20 पैरामेडिकल स्टॉफ, स्टाॅफ नर्स व वार्ड ब्वाय की ड्यूटी रहेगी। हेल्थ एटीएम भी लगाए जाएंगे। मंदिर के आसपास के सभी 21 अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं । मेला परिसर में सात एंबुलेंस भी लगाई गई हैं।
सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि खिचड़ी मेले को देखते हुए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सामान्य रूप से बीमार होने पर श्रद्धालुओं का वहीं उपचार किया जाएगा। गंभीर होने पर एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। इसके लिए गुरु श्रीगाेरक्षनाथ चिकित्सालय समेत रेलवे स्टेशन से लेकर राजेंद्र नगर तक के सभी अस्पतालों को 24 घंटे इमरजेंसी खोले रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिर व आसपास के प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस को तैयार रखा जाएगा। सीएमओ स्वयं मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी करेंगे।