विद्युत वितरण निगम वाराणसी के प्रबंध निदेशक ने की कार्रवाई
बीते दिनों दो जेई व एक जेएमटी इसी प्रकरण में हो चुके हैं निलंबित
गोरखपुर। वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय के गंगटही उपकेंद्र क्षेत्र व उनवल उपकेंद्र क्षेत्र में पकड़े गए लाइन शिफ्टिंग समेत तीन मामलों में खजनी एसडीओ भोलानाथ को निलंबित कर दिया गया है। विद्युत वितरण निगम वाराणसी के प्रबंध निदेशक की ओर से कार्रवाई की गई है। मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने एसडीओ के निलंबन के लिए संस्तुति की रिपोर्ट डिस्काम को भेजी थी।
प्रबंध निदेशक की ओर से की गई कार्रवाई के आदेश के अनुसार, उपखंड-खजनी के अंतर्गत 10 केवीए वितरण परिवर्तक की चोरी, 11 हजार वोल्ट की लाइन शिफ्टिंग तथा ईंट भट्ठे के संयोजन की पीडी किए जाने के बावजूद बिजली उपभोग किए जाने के प्रकरण में घोर लापरवाही बरतने पर उपखंड अधिकारी खजनी भोलानाथ प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए हैं।
तीनों मामले में वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय के अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार जांच कर रहे थे। इसमें उनवल उपकेंद्र के जेई अतुल राय, गंगटही उपकेंद्र के जेई राजेश मौर्या और जेएमटी अजय यादव को पहले ही निलंबित कर दिया है। इनके निलंबन के साथी एसई दीपक कुमार ने खजनी उपखंड के एसडीओ के निलंबन के लिए संस्तुति की थी। मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि भेजी गई रिपोर्ट पर एसडीओ खजनी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।